अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कटनी पुलिस ने की जिलेभर में कार्रवाई, 52 शराब माफियाओं पर केस, 138 लीटर अवैध शराब जब्त
कटनी। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कटनी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत बुधवार को व्यापक कार्रवाई करते हुए 52 शराब कारोबारियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत 52 प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिलेभर में एक साथ की गई। जिले के सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं पुलिस टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान कुल 137.960 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 59,720 रुपये बताई गई है।
बरामद शराब में 88.960 लीटर अवैध अंग्रेजी, देशी प्लेन एवं मसाला शराब तथा 49 लीटर कच्ची महुआ शराब शामिल है। कटनी पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय में संलिप्त लोगों के विरुद्ध “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।