कोतवाली पुलिस ने शैडो एरिया में चलाया विशेष अभियान, 2 चाकूबाज गिरफ्तार, अवैध शराब और जुआ पर भी की कार्रवाई
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत कोतवाली पुलिस ने थाना क्षेत्र के चिन्हित शैडो एरिया में विशेष सर्चिंग एवं चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने दो चाकूबाजों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो धारदार चाकू बरामद किए। इसके अलावा अवैध शराब, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों और जुआ फड़ पर भी कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेलवे लाल ग्राउंड और बैलट घाट क्षेत्र में संदिग्धों की जांच के दौरान कन्हैया बर्मन (22) और शुभम निषाद (26) को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। ऑपरेशन शिकंजा के तहत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 36 पाव देशी शराब और 3 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत तीन प्रकरण दर्ज किए। वहीं बस स्टैंड, मुड़वारा स्टेशन, बरही नाका और संतनगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही सिंधी गली, नई बस्ती में अवैध जुआ फड़ पर दबिश देकर दो आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि अपराध की रोकथाम के लिए चिन्हित शैडो एरिया में लगातार सर्चिंग अभियान जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए अवैध शराब, हथियार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।