कटनी के मेधावी छात्र सक्षम को मिला राज्य स्तरीय प्रतिभा सम्मान, चित्रकला में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिला सम्मान

कटनी। पीएसवाई-प्रतिभा सम्मान योजना के अंतर्गत राज्य स्तर पर चयनित मेधावी विद्यार्थियों के उत्कृष्टता सम्मान समारोह का आयोजन सोमवार, 10 अगस्त को लोक शिक्षण संचालनालय सभागार, भोपाल में किया गया। कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों को पदक एवं निधि का वितरण कर उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों का सम्मान किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि अभिषेक सिंह (आईएएस), आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश, भोपाल रहे। उनके करकमलों से राज्य स्तर पर चयनित मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लोक शिक्षण संचालनालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं संचालक लोक शिक्षण की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह दोपहर 2:30 बजे आयोजित हुआ।
इस राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में कटनी जिले के होनहार छात्र सक्षम को उनकी उत्कृष्ट प्रतिभा के लिए चित्रकला प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया। सक्षम ने अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम राज्य स्तर पर गौरवान्वित किया है। उल्लेखनीय है कि सक्षम वरिष्ठ पत्रकार जीतेन्द्र कोस्टा के सुपुत्र हैं। सक्षम की इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। जिले के गणमान्य नागरिकों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों ने सक्षम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने कहा कि ऐसी उपलब्धियां न केवल विद्यार्थी का मनोबल बढ़ाती हैं, बल्कि जिले के अन्य प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *