हर घर तिरंगा अभियान को लेकर कटनी में तैयारियां तेज, जिला पंचायत सीईओ ने दिए निर्देश, स्कूल-कॉलेजों में होंगी देशभक्ति गतिविधियां
कटनी। राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में “हर घर तिरंगा अभियान 2026” का व्यापक आयोजन किया जा रहा है। 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले अभियान में जिलेभर में विभिन्न देशभक्ति एवं जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने शिक्षा, उच्च शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, एनआरएलएम, जन अभियान परिषद सहित विभिन्न विभागों को गतिविधियों के आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
स्कूल-कॉलेजों में होंगी देशभक्ति गतिविधियां
जिले के विद्यालयों में तिरंगा रंगोली, प्रश्नोत्तरी और सैनिकों एवं पुलिसकर्मियों को पत्र लेखन जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम में मानव श्रृंखला के साथ विद्यार्थियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। तिलक कॉलेज के प्राचार्य को महाविद्यालयों में तिरंगा रंगोली, प्रश्नोत्तरी, जवानों एवं पुलिसकर्मियों को पत्र लेखन तथा तिरंगा संगीत कार्यक्रम आयोजित कराने का दायित्व दिया गया है।
गांव-गांव निकलेगी तिरंगा रैली
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों में तिरंगा रंगोली सहित विभिन्न देशभक्ति गतिविधियां कराई जाएंगी। वहीं सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को जनपद स्तर के साथ-साथ प्रत्येक ग्राम पंचायत में तिरंगा रैली आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। एनआरएलएम के माध्यम से तिरंगा प्रदर्शनी और विक्रय स्टॉल लगाए जाएंगे, जिसमें स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रहेगी। जन अभियान परिषद द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के जरिए राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
गतिविधियों की ऑनलाइन एंट्री अनिवार्य
जिला स्तरीय कार्यक्रमों में सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई है। विभाग प्रमुखों को अपने अधिकारियों-कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अभियान के तहत होने वाली सभी गतिविधियों को हर घर तिरंगा की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं।