समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त ने लगाई निगम अधिकारियों की क्लास, लापरवाही बरतने पर तीन कर्मचारियों को थमाया नोटिस, अवैध कॉलोनी, फायर सेफ्टी और जर्जर भवनों पर कार्रवाई तेज करने के दिए निर्देश

समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त ने लगाई निगम अधिकारियों की क्लास, लापरवाही बरतने पर तीन कर्मचारियों को थमाया नोटिस, अवैध कॉलोनी, फायर सेफ्टी और जर्जर भवनों पर कार्रवाई तेज करने के दिए निर्देश

कटनी। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने सोमवार को एमआईसी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को जनहित और विकास के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निगमायुक्त नें स्पष्ट किया कि समय-सीमा से जुड़े प्रकरणों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में निगमायुक्त ने शासन की फ्लैगशिप योजनाओं, महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं, सीएम हेल्पलाइन, पेंशन योजनाओं सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़े जनभागीदारी
निगमायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की गतिविधियों की समीक्षा के दौरान 14 अगस्त को आयोजित होनें वाली तिरंगा रेली की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करनें तथा आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि नगर में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचे।
सफाई व्यवस्था की समीक्षा
मानसून को देखते हुए संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में वर्षाजल निकासी की व्यवस्था की समीक्षा कर निगमायुक्त ने नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के साथ दैनिक सफाई व्यवस्था की सतत निगरानी के निर्देश दिए। हांका टीम की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए वृहद रूप से आवारा मवेशियों को पकड़ने की कार्यवाही तथा मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु कीटनाशक अभियान चलाने के निर्देश स्वास्थय विभाग को दिए। निगमायुक्त ने मिशन चौक मुख्य मार्ग पर सड़क पर मांसाहारी पदार्थो का विक्रय करनें वाले व्यवसाईयो पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही के भी निर्देश दिए।
100 दिन से अधिक लंबित शिकायतों पर विशेष निगरानी
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने लंबे समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर ग्रेडिंग में सुधार लाने तथा महापौर जनसुनवाई से संबंधित लंबित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने अधिकारियों को निर्देशित किया।
महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रक्रिया में न हो विलंब
निगमायुक्त ने सीवरेज एवं जल सप्लाई, डेयरी विस्थापन, सब्जी मंडी, मीट मार्केट, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने डीपीआर, एनओसी, सक्षम स्वीकृति, निविदा, दर स्वीकृति, अनुबंध और कार्य प्रारंभ होने तक की सभी प्रक्रियाओं को चरणबद्ध रूप से समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब से विकास कार्य प्रभावित होते हैं, इसलिए प्रत्येक स्तर पर लंबित कार्रवाई तत्काल पूरी की जाए।
डिजिटलाइजेशन सहित महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा
बैठक में नगर निगम के रिकॉर्ड डिजिटलाइजेशन हेतु विभागीय नस्तियों, अभिलेखों रजिस्टर आदि की जानकारी शीघ्रता से उपलब्ध करानें, सामाजिक न्याय विभाग से संबंधित लंबित शिकायतों का निराकरण करानें, नगर में हरियाली विकसित करने के उद्देश्य से नगर के चिन्हित स्थलों सहित अन्य में स्थलों में चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान को गति प्रदान करनें, जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ रखनें, स्वच्छ भारत मिशन की गतिविधियों का नियमानुसार आयोजन करनें, ई-ऑफिस से नस्तियों का संचालन करनें, निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली जलकर वसूली के सार्थक प्रयास करनें तथा लोक परिवहन के तहत सुरक्षित आवागमन के लिए किए जा रहे विकास कार्यों तथा न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा की गई। विभिन्न विभागों से स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निगमायुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फायर सेफ्टी और अवैध निर्माण रोकने की कार्रवाई को दें गति
बैठक में अवैध कॉलोनियों, फायर सेफ्टी और जर्जर भवनों के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने क्षेत्रीय उपयंत्रियों को लंबित अवैध कॉलोनी प्रकरणों में संबंधित थानों से समन्वय कर एफआईआर की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कोचिंग सेंटर, अस्पताल, होटल एवं मॉल में फायर सेफ्टी जांच की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षा मानकों की जांच कर नोटिस जारी करने की कार्रवाई में गति लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। निगमायुक्त ने अवैध मैरिज गार्डन, जर्जर भवनों तथा स्वीकृत अनुमति के विपरीत निर्मित भवनों एवं प्रतिष्ठानों को क्षेत्रवार चिन्हित कर नियमानुसार कम्पाउंडिंग की कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
डीएलसी की कम प्रगति पर जताई नाराजगी
सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अंतर्गत डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेशन (डीएलसी) की समीक्षा के दौरान धीमी प्रगति पर निगमायुक्त ने वार्ड दरोगाओं पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी को 20 अगस्त तक कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। डीएलसी कार्य हेतु सूची का सही डाटा उपलब्ध नहीं कराने पर योजना प्रभारी सनद विश्वकर्मा को नोटिस जारी करने हेतु निर्देशित किया जाकर पात्र पेंशन हितग्राहियों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र निर्धारित समय पर तैयार कराने तथा उन्हें पेंशन संबंधी सुविधा निरंतर उपलब्ध कराने की हिदायत दी।
जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
पीएम स्वनिधि योजना की साप्ताहिक समीक्षा के दौरान ऋण प्रकरणों, क्रेडिट कार्ड जारी होने तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली गई। निगमायुक्त ने राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के सिटी मिशन मैनेजर यश रजक को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इस दौरान निगमायुक्त ने संबल योजना, अनुग्रह सहायता राशि एवं समग्र ई-केवाईसी के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
जारी करें नोटिस
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने ईपीएफ प्रकरणों के निराकरण पर लापरवाही बरतने पर लेखपाल अभय कुमार जार को नोटिस जारी करने के साथ ही आईएचएसडीपी योजना के प्रकरणों में अनाधिकृत रूप से निवासरत कब्जाधारियों को हटाने की कार्यवाही में अनावश्यक विलंब पर गहन नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित लिपिक आशीष बिलैया को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में नगर निगम उपायुक्त शैलेश गुप्ता, श्रीमती प्रियंका झारिया सहित कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह और सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री सुनील सिंह, आदेश जैन, स्वास्थय अधिकारी संजय सोनी, उपयंत्री मोना करेरा, मृदुल श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव, संजय मिश्रा, जे.पी. बघेल, रवि हनोते, शैलेन्द्र प्यासी, हिमांशु गौतम, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र, सहायक राजस्व अधिकारी, योजना प्रभारी, कार्यालय अधीक्षक, सिटी मिशन मैनेजर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त ने लगाई निगम अधिकारियों की क्लास, लापरवाही बरतने पर तीन कर्मचारियों को थमाया नोटिस, अवैध कॉलोनी, फायर सेफ्टी और जर्जर भवनों पर कार्रवाई तेज करने के दिए निर्देश