हर घर तिरंगा अभियान से निगम स्कूलों में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, रंगोली, वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के जरिए विद्यार्थियों ने अभिव्यक्त किया देशभक्ति का भाव
कटनी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत निगम स्कूलों में विभिन्न देशभक्ति आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत विद्यालयों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मकता के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया। अभियान के अंतर्गत निगम विद्यालयों के सी एस स्कूल में छात्राओं द्वारा आकर्षक देशभक्ति आधारित रंगोलियां तैयार की गईं। केसरिया, सफेद और हरे रंगों से सजी इन रंगोलियों में तिरंगे की गरिमा, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की सुंदर झलक देखने को मिली। रंगोली निर्माण के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया और विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान से गूंजे विद्यालय परिसर
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का गायन किया गया। राष्ट्रगान के समय विद्यार्थियों में अनुशासन, गौरव और राष्ट्र के प्रति सम्मान का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। तिरंगे के रंगों से सजी रचनात्मक गतिविधियों और देशभक्ति गीतों ने विद्यालयों के वातावरण को राष्ट्रीय भावना से सराबोर कर दिया।
रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समझाया तिरंगे का महत्व
नगर निगम द्वारा अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल तिरंगा फहराने तक सीमित न रखते हुए राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा, उसके सम्मान और राष्ट्र के प्रति नागरिक कर्तव्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया जा रहा है कि राष्ट्रप्रेम केवल एक अवसर तक सीमित नहीं, बल्कि दैनिक जीवन में जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का पालन करने की भावना भी है।
विद्यार्थियों की सहभागिता से बनेगा जनभागीदारी का अभियान
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अभियान से जुड़े अधिकारियों एवं निगम विद्यालयों को निर्देशित किया है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ते हुए प्रत्येक विद्यार्थी और उसके परिवार तक राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं देशभक्ति का संदेश पहुंचाया जाए। उन्होंने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों में विद्यार्थियों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निगम विद्यालयों में आयोजित गतिविधियां विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक अभिव्यक्ति का माध्यम बनने के साथ ही उनमें ‘देश पहले’, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत कर रही हैं। आगामी दिनों में भी निगम स्कूलों में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत विभिन्न देशभक्ति एवं जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।








