हर घर तिरंगा अभियान में 9 से 17 अगस्त तक होंगी देशभक्ति की विविध गतिविधियां, निगमायुक्त ने जारी किए आदेश

हर घर तिरंगा अभियान में 9 से 17 अगस्त तक होंगी देशभक्ति की विविध गतिविधियां, निगमायुक्त ने जारी किए आदेश

कटनी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
निगमायुक्त तपस्या परिहार द्वारा जारी आदेश के अनुसार अभियान में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, समाजसेवियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। अभियान के सफल संचालन के लिए उपायुक्त प्रियंका झारिया को प्रभारी अधिकारी तथा प्रभारी सहायक यंत्री आदेश जैन को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
9 से 11 अगस्त तक रचनात्मक प्रतियोगिताएं
नगर निगम द्वारा संचालित विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच तिरंगा राखी, तिरंगा रंगोली, तिरंगा बुनाई, तिरंगा पेंटिंग और तिरंगे पर प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। विद्यार्थियों को ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
9 से 15 अगस्त तक तिरंगा स्टॉल
नगर निगम कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्व-सहायता समूहों के माध्यम से तिरंगा बिक्री स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ना और हर घर तक तिरंगा पहुंचाना है।
12 अगस्त को तिरंगा यात्रा
12 अगस्त को जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, एनजीओ, प्रबुद्धजनों एवं समाजसेवियों की सहभागिता में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। देशभक्ति गीतों और राष्ट्रभावना से ओतप्रोत वातावरण के बीच नागरिकों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
13 अगस्त को नुक्कड़ नाटक
13 अगस्त को शहर के प्रमुख स्थानों पर देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। इनके माध्यम से स्वतंत्रता, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और नागरिक कर्तव्यों का संदेश दिया जाएगा।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
नगर निगम परिसर में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान एवं पीड़ा को स्मरण किया जाएगा।
17 अगस्त को तिरंगा संगीत कार्यक्रम
अभियान के समापन चरण में 17 अगस्त को नगर निगम के विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता से तिरंगा संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की भावना को जीवंत किया जाएगा।
अधिकारियों-कर्मचारियों को सौंपे दायित्व
अभियान के दौरान तिरंगा स्टॉल, यात्रा मार्ग, मंच, साउंड सिस्टम, पेयजल, सफाई, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए निगम के विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तिरंगा यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और अस्थायी अतिक्रमण हटाने की व्यवस्था भी की जाएगी। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में निर्वहन करने तथा विभाग प्रमुखों को अपने अधीनस्थ अमले के साथ अभियान की गतिविधियों में अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निगम का उद्देश्य ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस को जनभागीदारी और राष्ट्रप्रेम के उत्सव के रूप में मनाना तथा कटनीवासियों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

स्वास्थ्य सेवाओं को मिला संबल, विधायक श्री पाठक और कलेक्टर श्री तिवारी ने टीबी मरीजों को वितरित किए फूड बास्केट, 60 टीबी मरीजों को 6 माह तक फूड बास्केट उपलब्ध कराने के लिए विधायक देंगे सहयोग राशि