स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर निगमायुक्त ने अधिकारियों-कर्मचारियों को सौंपे दायित्व, समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूर्ण करने दिए निर्देश

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर निगमायुक्त ने अधिकारियों-कर्मचारियों को सौंपे दायित्व, समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूर्ण करने दिए निर्देश

कटनी। स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला मुख्यालय पर आयोजित बैठक के कार्यवाही विवरण के आधार पर निगमायुक्त तपस्या परिहार (IAS) द्वारा निगम से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह पुलिस लाइन ग्राउंड, झिंझरी, कटनी में आयोजित किया जाएगा। वहीं निगम से संबंधित व्यवस्थाओं के समन्वय के लिए प्रियंका झारिया, उपायुक्त नगर पालिक निगम कटनी को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।
ध्वजारोहण स्थलों की सफाई से लेकर मंच व्यवस्था तक की जिम्मेदारी
निर्देशों के तहत शहर में जहां-जहां परंपरागत रूप से ध्वजारोहण किया जाता है, वहां साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मत, रंगाई-पुताई एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं ध्वजारोहण स्थलों की स्वच्छता के साथ कीटनाशक दवा का छिड़काव भी कराया जाएगा। समारोह स्थल पर मंच, साउंड सिस्टम, माइक, कुर्सियां, सोफा, दर्शकों के लिए एलईडी स्क्रीन, शामियाना तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए मंच एवं अन्य व्यवस्थाओं को भी आवश्यकतानुसार सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
पुलिस लाइन ग्राउंड में व्यापक व्यवस्थाएं
पुलिस लाइन ग्राउंड झिंझरी में समतलीकरण, परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आवश्यक ध्वनि विस्तारक यंत्र, ध्वज दण्ड की पुताई, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। समारोह स्थल पर माइक एवं परेड कमांडर के लिए अंडरग्राउंड माइक की व्यवस्था समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही बैरिकेडिंग के लिए आवश्यक बॉक्स बैरियर, मंच एवं स्टेज सज्जा, जनरेटर, पेयजल, पार्किंग तथा अतिथियों के बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक कार्य भी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए हैं।
स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था पर विशेष फोकस
स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग को समारोह स्थल सहित शहर के प्रमुख ध्वजारोहण स्थलों एवं पहुंच मार्गों की विशेष साफ-सफाई कराने तथा कीटनाशक दवा का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। महिलाओं के लिए अस्थायी शौचालय की व्यवस्था भी की जाएगी।
समारोह स्थल पर 07 अगस्त से 15 अगस्त तक पेयजल टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने, रिहर्सल एवं निरीक्षण के दौरान भी स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था रखने तथा 15 अगस्त को पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकर एवं पानी पिलाने वाले कर्मचारियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात, पार्किंग और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
समारोह में आने वाले अतिथियों के वाहनों के लिए निःशुल्क पार्किंग व्यवस्था की जाएगी। शहर के प्रमुख मार्गों एवं मुख्य कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों पर निरंतर पेट्रोलिंग करते हुए 14 अगस्त तक आवश्यक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं समारोह स्थल एवं मार्गों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी संबंधित विभागों के समन्वय से की जाएगी।
अतिथियों के स्वागत एवं बैठने की भी रहेगी समुचित व्यवस्था
मुख्य अतिथि के प्रवेश मार्ग पर स्वागत द्वार की व्यवस्था, विशिष्ट अतिथियों, न्यायिक एवं अन्य अधिकारियों तथा उनके परिवारजनों,दर्शकों के लिए पंडाल एवं कुर्सियों की व्यवस्था, निर्णायक मंडल एवं पुरस्कार वितरण दल के लिए टेबल-कुर्सियों की व्यवस्था तथा मुख्य अतिथि के लिए दो रेडी-युक्त माइक सेट की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। समारोह में जनप्रतिनिधियों को समय पर आमंत्रण पत्र उपलब्ध कराने तथा स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।
नगर निगम भवन में भी होगी विशेष व्यवस्था
15 अगस्त को नगर निगम कार्यालय में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए मंच, साउंड सिस्टम, माइक, कुर्सियों एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शासकीय भवनों में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। निगमायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में पूर्णता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। साथ ही उत्कृष्ट एवं विशिष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

स्वास्थ्य सेवाओं को मिला संबल, विधायक श्री पाठक और कलेक्टर श्री तिवारी ने टीबी मरीजों को वितरित किए फूड बास्केट, 60 टीबी मरीजों को 6 माह तक फूड बास्केट उपलब्ध कराने के लिए विधायक देंगे सहयोग राशि