स्वास्थ्य सेवाओं को मिला संबल, विधायक श्री पाठक और कलेक्टर श्री तिवारी ने टीबी मरीजों को वितरित किए फूड बास्केट, 60 टीबी मरीजों को 6 माह तक फूड बास्केट उपलब्ध कराने के लिए विधायक देंगे सहयोग राशि
कटनी। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ग्राम खितौली में आयोजित शिविर शासन की योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ मानवीय संवेदना और जनसहभागिता की प्रेरक पहल का साक्षी बना। शिविर में विधायक विजयराघवगढ़ संजय सत्येन्द्र पाठक और कलेक्टर आशीष तिवारी ने उपचाररत टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए। इस पहल से मरीजों को उपचार के साथ पोषण का संबल मिला।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रवर्तित टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में टीबी मरीजों की मदद के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है। कलेक्टर आशीष तिवारी की पहल पर जिले में नि-क्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों के सहयोग के लिए आगे आने वाले लोगों की श्रृंखला में अब विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक भी शामिल हुए हैं। उन्होंने खितौली क्षेत्र में उपचाररत 60 टीबी मरीजों को आगामी 6 माह तक फूड बास्केट उपलब्ध कराने के लिए सहयोग राशि देने की बात कही।
इलाज के साथ पोषण पर भी जोर
शिविर में टीबी मरीजों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर विशेष जागरूकता का संदेश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों को नियमित उपचार जारी रखने के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। फूड बास्केट का वितरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण सहयोग है, जो मरीजों को बीमारी से लड़ने के लिए आवश्यक पोषण उपलब्ध कराने में मदद करेगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर ने जिले में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत संचालित गतिविधियों एवं 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीबी मरीजों की पहचान, जांच, उपचार और पोषण सहयोग के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
विधायक ने बढ़ाया मदद का हाथ, 60 मरीजों की 6 माह तक होगी चिंता
शिविर में विधायक श्री संजय सत्येन्द्र पाठक ने टीबी मरीजों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए 60 उपचाररत मरीजों को आगामी 6 माह तक फूड बास्केट उपलब्ध कराने के लिए सहयोग राशि देने की बात कही। यह पहल उपचाररत मरीजों के लिए नियमित पोषण सहयोग सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जनविश्वास शिविर में ग्रामीणों से सीधा संवाद
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं, इसकी भी जानकारी प्राप्त की गई तथा आमजन की समस्याओं और आवश्यकताओं को समझते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, वन मंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरन प्रीत कौर सहित जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







