बरही में उद्यमियों से संवाद, योजनाओं के तहत हितग्राहियों को वितरित किए गए ऋण, स्वरोजगार स्थापित करने आगे आएं युवा – श्री पाठक
कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को नगर परिषद बरही के सभाकक्ष में विजयराघवगढ़ विधायक श्री संजय सत्येंद्र पाठक, कलेक्टर आशीष तिवारी एसपी अभिनय विश्वकर्मा एवं वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार ने स्थानीय उद्यमियों के साथ संवाद कर उनके अनुभवों और सुझावों को जाना। इस अवसर पर जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक ज्योति सिंह,नगर परिषद अध्यक्ष श्री पीयूष अग्रवाल, स्थानीय उद्यमी, समाजसेवी तथा आईटीआई के छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
ईमानदारी और समय पर ऋण भुगतान से मिलेगी सफलता
विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने छोटे एवं मध्यम व्यापारियों से कहा कि व्यापार में ईमानदारी ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ऐसी योजनाएँ संचालित कर रही है, जिनसे युवा और नागरिक अपना स्वयं का उद्योग एवं व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने आईटीआई के विद्यार्थियों से कहा कि तकनीकी शिक्षा का उद्देश्य केवल प्रमाण-पत्र प्राप्त करना नहीं, बल्कि रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार करना है। साथ ही उन्होंने बैंक से लिए गए ऋण का समय पर भुगतान करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे अच्छी क्रेडिट हिस्ट्री बनती है और भविष्य में आर्थिक सहायता प्राप्त करना आसान होता है।
उद्यमियों से साझा किए विचार, विकास पर हुई चर्चा
संवाद के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने स्थानीय उद्यमियों से उनके अनुभव, चुनौतियों और सुझावों पर चर्चा की। अधिकारियों ने शासन की स्वरोजगार एवं उद्योग प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।








