जेल से छूटने के बाद घर में घुसकर कर दी मारपीट, निवार पुलिस ने की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
कटनी। चौकी निवार पुलिस ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को फरियादी की रिपोर्ट पर चौकी निवार में आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप में अपराध क्रमांक 754/26 दर्ज किया गया था। प्रकरण में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 अगस्त को हेतराम उर्फ बुद्धेश लुनिया (31), करन लुनिया (21) और अर्जुन लुनिया (19), तीनों निवासी बिचपुरा शाहपुर, थाना माधवनगर, जिला कटनी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए गए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक (अ.जा.क.) शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना माधवनगर प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी निवार सउनि अंजनी मिश्रा, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक संतोष प्रजापति एवं आरक्षक वकील यादव की विशेष भूमिका रही।








