कर्मचारियों की छह सूत्रीय मांगों को लेकर लघु वेतन कर्मचारी संघ करेगा आंदोलन

कटनी। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ जिला शाखा कटनी द्वारा कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन की शुरुआत की जा रही है। संघ के प्रांतीय आह्वान पर आंदोलन के प्रथम चरण में 10 अगस्त को शाम 4 से 5 बजे के बीच जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव मध्य प्रदेश शासन के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके एवं मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि ज्ञापन के माध्यम से चतुर्थ श्रेणी नियमित कर्मचारी, आकस्मिक एवं कार्यभारित कर्मचारी, स्थाई कर्मी, दैनिक वेतन भोगी, अंशकालीन कर्मचारी सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, आशा-उषा कार्यकर्ता, कोटवार एवं रसोइया बहनों की छह सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग की जाएगी।
14 अगस्त को विधायक को सौंपेंगे ज्ञापन
संघ ने आंदोलन के दूसरे चरण की भी घोषणा की है। इसके तहत 14 अगस्त को शाम 4 बजे मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा। संघ पदाधिकारियों ने जिले के सभी संबंधित कर्मचारियों से दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि बड़ी संख्या में कर्मचारी एकजुट होकर शासन तक अपनी मांगों को पहुंचाएंगे और अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी तरीके से आवाज उठाएंगे। जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके, उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम, जिला सचिव सौरभ सिंह, जिला महामंत्री मनोज श्रीवास सहित संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर ज्ञापन कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *