तीन माह से फरार चाकूबाजी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, इन्द्रानगर चाकूबाजी कांड का फरार मुख्य आरोपी मनीष जायसवाल कुठला पुलिस की गिरफ्त में, न्यायालय ने भेजा जेल
कटनी। थाना कुठला पुलिस ने करीब तीन माह पुराने इन्द्रानगर चाकूबाजी मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी मनीष जायसवाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 16 मई 2026 की देर रात इन्द्रानगर गली नंबर-3 में कुत्तों को लेकर हुए विवाद के बाद फरियादी उत्तम लौहार और उसके साथियों के साथ मारपीट की गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर जान से मारने का प्रयास किया तथा धमकी भी दी थी। मामले में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं पारंपरिक तरीकों से साक्ष्य जुटाकर मामले में शामिल अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी मनीष जायसवाल फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश जारी रखते हुए 6 अगस्त को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक अजय यादव, रामेश्वर सिंह, आरक्षक बुद्धू कुमार सहित थाना कुठला पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








