भाजपा पर जमकर बरसे पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, बोले भाजपा सरकार ने देश और प्रदेश को बदहाल किया, जनता बदलाव चाहती है

भाजपा पर जमकर बरसे पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, बोले भाजपा सरकार ने देश और प्रदेश को बदहाल किया, जनता बदलाव चाहती है

कटनी। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत गुरुवार को कटनी पहुंचे मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पत्रकार वार्ता में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने देश को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है, जबकि मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश में शायद ही कोई ऐसा सरकारी कार्यालय बचा हो, जहां बिना रिश्वत के आम नागरिक का काम हो सके। उन्होंने दावा किया कि आए दिन रिश्वतखोरी से जुड़े वीडियो और ऑडियो सामने आ रहे हैं, जो सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया। दतिया विधानसभा उपचुनाव का परिणाम इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। उनके अनुसार जनता ने भाजपा को सत्ता से हटाकर बदलाव का संदेश दिया है और कांग्रेस के प्रति अपना विश्वास जताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि दतिया उपचुनाव में भाजपा ने करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए और 20 मंत्रियों की ड्यूटी लगाई, लेकिन इसके बावजूद जनता ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर भाजपा को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि दतिया का जनादेश पूरे प्रदेश की भावनाओं का प्रतिबिंब है।
कटनी संगठन को लेकर उन्होंने कहा कि वह जल्द ही जिले का पुनः दौरा करेंगे। इस दौरान सभी विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया जाएगा तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर काम होगा। शिक्षा और छात्रों के आंदोलन से जुड़े सवाल पर जीतू पटवारी ने कहा कि जब छात्रों और उनकी शिक्षा की सुरक्षा का विषय सामने आया, तब राहुल गांधी ने गैर-राजनीतिक भावना से उनकी आवाज उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलनरत छात्रों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिसके विरोध में कांग्रेस उनके साथ खड़ी रही। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post