कुएं में गिरे जंगली सूअर के दो शावकों का सफल रेस्क्यू, वन विभाग ने की त्वरित कार्रवाई, दोनों शावकों को सुरक्षित निकालकर प्राकृतिक आवास में छोड़ा

कटनी। बड़वारा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिचपुरा में गुरुवार सुबह एक कुएं में गिरे जंगली सूअर (वाइल्ड बोअर) के दो शावकों का वन विभाग ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को सुबह लगभग 8 बजे ग्राम बिचपुरा निवासी पुष्पराज कुशवाहा ने वन विभाग को सूचना दी कि उनके खेत स्थित कुएं में जंगली सूअर के दो शावक गिर गए हैं। सूचना मिलते ही बड़वारा वन परिक्षेत्र का अमला तत्काल मौके पर पहुंचा।
वन अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान पाया कि लगभग 2 से 3 माह आयु के दो शावक कुएं में फंसे हुए हैं। इसके बाद वन विभाग की टीम ने पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया और दोनों शावकों को सकुशल बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद दोनों शावकों को सुरक्षित रूप से उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान न तो किसी व्यक्ति को कोई नुकसान पहुंचा और न ही किसी वन्यजीव को कोई क्षति हुई। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी भी वन्यजीव के घायल होने, फंसने या आबादी क्षेत्र में आने की सूचना मिले तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *