कटनी पुलिस ने देर रात होटल, गेस्ट हाउस और ढाबों पर चलाया विशेष चेकिंग अभियान, संदिग्धों की हुई जांच
कटनी। जिले में अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने होटल, गेस्ट हाउस एवं ढाबों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने आगंतुक रजिस्टरों और पहचान पत्रों की जांच की, शैडो एरिया का भ्रमण किया तथा संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग की।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया गया। पुलिस ने होटल और गेस्ट हाउस संचालकों को निर्देश दिए कि बिना वैध पहचान पत्र और आवश्यक सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न कराया जाए। साथ ही प्रत्येक ग्राहक का नाम, पता, मोबाइल नंबर और पहचान संबंधी जानकारी रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान पुलिस ने संवेदनशील एवं शैडो एरिया का भी निरीक्षण किया और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी। संचालकों को यह भी हिदायत दी गई कि वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए बिना किसी भी नाबालिग को कमरा न दिया जाए तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। कटनी पुलिस ने होटल, गेस्ट हाउस और ढाबा संचालकों से अपील की है कि जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस, पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7587615946 अथवा डायल-112 पर दें।








