कटनी में कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, कल गुरुवार को जीतू पटवारी, हरीश चौधरी और उमंग सिंघार होंगे शामिल
कटनी। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जिला कांग्रेस एवं शहर कांग्रेस द्वारा ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों और मंडलम अध्यक्षों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ बुधवार को शहर के एक निजी संस्थान में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और पदाधिकारियों को पार्टी की रीति-नीतियों से अवगत कराना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद निर्धारित समयानुसार सुबह 11 बजे प्रशिक्षण सत्र प्रारंभ किया गया। शिविर में प्रशिक्षण प्रभारी एवं पूर्व राष्ट्रीय सेवादल अध्यक्ष महेन्द्र जोशी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला, जिला प्रभारी मनु मिश्रा, विधानसभा प्रभारी वीरेंद्र चौबे, जिला संगठन महामंत्री जितेन्द्र सिंह, प्रेम बत्रा तथा पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीरज सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रशिक्षकों महेन्द्र जोशी, प्रमिल मित्रा, राहुल राज और आनंद जाट ने ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों एवं मंडलम अध्यक्षों को संगठन की कार्यप्रणाली, पार्टी की विचारधारा, संगठन विस्तार और जनसंपर्क को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि गुरुवार को प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी तथा मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी शामिल होकर पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे। संगठन ने इस प्रशिक्षण को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।








