लाल पहाड़ी बनेगी शहर का “ग्रीन लंग”, 4500 से अधिक पौधों से संवर रही हरियाली की नई पहचान, पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने निगम प्रशासन ने लिया संकल्प

लाल पहाड़ी बनेगी शहर का “ग्रीन लंग”, 4500 से अधिक पौधों से संवर रही हरियाली की नई पहचान, पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने निगम प्रशासन ने लिया संकल्प

कटनी। स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित कटनी के निर्माण के संकल्प को साकार करने की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी द्वारा बरगवां स्थित लाल पहाड़ी क्षेत्र में व्यापक पौधारोपण अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के माध्यम से अब तक 4 हजार 500 से अधिक विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए जा चुके हैं। निगम का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लाल पहाड़ी को विकसित कर कटनी की प्राकृतिक “ग्रीन लंग” के रूप में स्थापित करना है, जिससे शहर को स्वच्छ वायु, संतुलित पर्यावरण और समृद्ध हरित विरासत प्राप्त हो सके।
जनभागीदारी से सज रही लाल पहाड़ी
इस जनभागीदारी आधारित अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्कूली छात्र-छात्राओं, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के साथ शासकीय अधिकारी-कर्मचारी उत्साहपूर्वक सहभागी बन रहे हैं। नीम, पीपल, बरगद, सागौन सहित छायादार, फलदार एवं औषधीय प्रजातियों के पौधों का रोपण कर बंजर पहाड़ी को हरियाली की नई पहचान देने का कार्य किया जा रहा है। निगम प्रशासन द्वारा पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखरेख की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि प्रत्येक पौधा भविष्य में विशाल वृक्ष का स्वरूप धारण कर सके।
पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संदेश
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल शासकीय दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, बेहतर जल संरक्षण और संतुलित जलवायु का अमूल्य उपहार देगा। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी, प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का सबसे प्रभावी समाधान व्यापक वृक्षारोपण और उनके संरक्षण में ही निहित है।
नागरिक बनें हरियाली के सारथी
उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे निगम कार्यालय से संपर्क कर निगम द्वारा चिन्हित स्थलों पर पौधारोपण अभियान का हिस्सा बनें। इच्छुक नागरिकों, संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों को नगर निगम द्वारा पौधे, रोपण की आवश्यक व्यवस्था तथा तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस हरित अभियान से जुड़ सकें।
निगम का लक्ष्य हर वार्ड में हो हरियाली
नगर निगम लाल पहाड़ी के साथ-साथ शहर के विभिन्न वार्डों, सार्वजनिक स्थलों, शासकीय विद्यालयों, उद्यानों, सड़क किनारे एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर भी वृक्षारोपण को निरंतर बढ़ावा दे रहा है। निगम का विश्वास है कि जनसहभागिता से संचालित यह अभियान न केवल कटनी की हरित पहचान को सशक्त करेगा, बल्कि स्वच्छ सर्वेक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी कटनी को प्रदेश के अग्रणी शहरों की श्रेणी में स्थापित करेगा। “एक पौधा–एक जीवन” के संदेश के साथ नगर निगम हर नागरिक को इस हरित अभियान का सहभागी बनने का आमंत्रण दे रहा है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post