कटनी में कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर कल से, ब्लॉक और मंडलम अध्यक्षों को मिलेगा संगठन मजबूती का प्रशिक्षण

कटनी। कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत जिले में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से 5 और 6 अगस्त को दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, नगर कांग्रेस अध्यक्ष और मंडलम अध्यक्षों को संगठनात्मक कार्यशैली, जनसंपर्क और पार्टी की रणनीति पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष तथा पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देशानुसार यह प्रशिक्षण शिविर शहर के एक निजी संस्थान में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस द्वारा पहले राजधानी दिल्ली और मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए थे। अब उसी क्रम में जिला स्तर पर पदाधिकारियों को प्रशिक्षित कर संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय और सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश प्रभारी हरिश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, मध्यप्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी महेन्द्र जोशी सहित दिल्ली से पहुंचे राष्ट्रीय स्तर के पर्यवेक्षक संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। कांग्रेस नेताओं के अनुसार प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को तैयार करना है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *