साइबर ठगी: फर्जीवाड़े का शिकार हुए पीड़ित, दो बार में खाते से उड़ाए 90 हजार से अधिक, खाते से रुपए निकलने का आया मैसेज
कटनी। शहर में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। नया मामला माधवनगर थाना क्षेत्र की झिंझरी चौकी अंतर्गत सामने आया है, जहां अज्ञात शातिर ठगों ने एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाते हुए बैंक खाते से दो बार में कुल 90,390 रुपये की चपत लगा दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो बार में निकाली रकम
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, झिंझरी की गौतम मेडिकल वाली गली निवासी शशि चौधरी (35 वर्ष) पिता रामप्रकाश चौधरी के बैंक खाते में सेंधमारी करते हुए अज्ञात ठगों ने फर्जीवाड़ा किया। शातिरों ने पहले खाते से 39,000 और फिर कुछ ही देर में 51,390 की राशि पार कर दी। जब खाते से पैसे कटने का मैसेज मिला, तब जाकर धोखाधड़ी का अहसास हुआ।
अज्ञात ठगों पर BNS की धारा 318(4) में मामला दर्ज
घटना की शिकायत झिंझरी चौकी व माधवनगर थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी/साइबर फ्रॉड) के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया है। साइबर सेल की मदद से जिन खातों या यूपीआई आईडी में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी पड़ताल की जा रही है।








