कटनी पुलिस का मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन, 119 वारंटी गिरफ्तार, 30 अपराधियों पर कार्रवाई, 7 शराबी चालक धराए
कटनी। जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने रविवार को जिलेभर में मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ हुई इस कार्रवाई में 119 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 30 अपराधियों के विरुद्ध विभिन्न मामलों में कार्रवाई की गई। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 चालकों पर भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए।
पुलिस ने रात्रि एवं तड़के सुबह फरार आरोपियों, स्थाई और गिरफ्तारी वारंटियों, निगरानीशुदा बदमाशों, गुंडा तत्वों तथा जिलाबदर अपराधियों के संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। अभियान का उद्देश्य लंबित वारंटों का निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना रहा।
अभियान के दौरान 19 स्थाई वारंटी गिरफ्तार किए गए, 57 गिरफ्तारी वारंट निष्पादित किये गए, 43 जमानती वारंट एवं 31 समंस तामील हुए। 51 गुंडा बदमाशों एवं 46 निगरानीशुदा अपराधियों का सत्यापन किया गया। 20 आबकारी प्रकरण दर्ज कर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की गई। 3 व्यक्तियों पर धारा 170 बीएनएसएस, 74 व्यक्तियों पर धारा 126/135 बीएनएसएस तथा 5 व्यक्तियों पर धारा 129 बीएनएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। 28 मुसाफिरों का सत्यापन, 40 होटल-ढाबों एवं 39 बैंक एटीएम की जांच की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 चालकों के वाहन जब्त कर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। कटनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा जा सके।








