कुल्हाड़ी से किया जानलेवा हमला, बड़वारा पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार

कटनी। जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में कुल्हाड़ी से किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 1 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 31 जुलाई की रात उसके चाचा ससुर वृंदावन पटेल ने शराब के नशे में उसके पति छगन पटेल के साथ गाली-गलौज करते हुए कुल्हाड़ी से जान से मारने की धमकी दी थी। उस समय गांव के सरपंच और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था। अगले दिन सुबह करीब 6 बजे जब छगन पटेल नदी से लौटकर घर पहुंचे, तभी आरोपी कुल्हाड़ी लेकर आया और जान से मारने की नीयत से पीछे से गर्दन पर वार कर दिया। पीड़ित के झुक जाने से कुल्हाड़ी गर्दन की बजाय चेहरे के बाईं ओर, आंख के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पत्नी ने मौके पर पहुंचकर अपनी साड़ी से खून रोकने का प्रयास किया।
घटना की सूचना पर बड़वारा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक के.के. पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वृंदावन पटेल (66 वर्ष), निवासी कुम्हरवारा, थाना बड़वारा को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि के.के. पटेल, उनि प्रदीप कुमार जाटव, सउनि रामनाथ साकेत, प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे, आरक्षक बृजलाल प्रजापति एवं आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी की विशेष भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *