जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान को मिल रही नई ऊर्जा, दो शिफ्टों में सफाई व्यवस्था, बेहतर जल निकासी और वार्ड स्तर पर जागरूकता गतिविधियों से स्वच्छ शहर के संकल्प को मिल रहा जनसमर्थन
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के अंतर्गत शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से व्यवस्थागत सुधारों के साथ व्यापक जन जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। निगम प्रशासन द्वारा प्रतिदिन दो शिफ्टों में नियमित सफाई कार्य कराया जा रहा है। वहीं वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए नालियों की सफाई एवं सुचारू जल निकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों के साथ नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने और व्यवहार परिवर्तन को प्रोत्साहित करने के लिए निगम की सहयोगी संस्था ओम साईं विज़न की आईईसी टीम विभिन्न वार्डों में सतत जनसंपर्क एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित कर रही है।
व्यापारियों से की प्लास्टिक मुक्त बाजार बनाने की अपील
शनिवार को वार्ड क्रमांक 26 महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड के व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर दुकानदारों को अमानक एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से कपड़े एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। व्यापारियों से स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बाजार के निर्माण में सक्रिय सहयोग का आग्रह भी किया गया।
घर-घर पहुंचकर समझाया सोर्स सेग्रीगेशन का महत्व
वार्ड क्रमांक 30, 31 एवं 34 में डोर-टू-डोर संपर्क अभियान के दौरान आईईसी टीम ने नागरिकों को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण (सोर्स सेग्रीगेशन) के लाभों की जानकारी दी। नागरिकों को बताया गया कि घर से ही कचरे का पृथक्करण करने से वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा मिलता है, पर्यावरण संरक्षण होता है तथा स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर के प्रदर्शन को भी मजबूती मिलती है।
आरडब्ल्यूए की सहभागिता से दिया स्वच्छता का संदेश
वार्ड क्रमांक 34 के मंगल नगर स्थित पार्षद निवास के समीप “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के अंतर्गत आरडब्ल्यूए (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद श्रीमती शकुंतला सोनी की उपस्थिति में नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने, प्रतिबंधित प्लास्टिक से दूरी बनाने तथा अपने मोहल्ले को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
जनसहयोग से ही मिलेगा स्वच्छता का सम्मान
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करते हुए घर से ही गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण करें, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएं तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग से बचें। जनसहभागिता और सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से ही कटनी को स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में उत्कृष्ट स्थान दिलाया जा सकता है। निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाकर स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर कटनी के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया है।








