छात्रावास में सीईओ ने छात्रों से किया शैक्षिक संवाद, शिक्षिका बनकर पढ़ाया अनुशासन का पाठ, व्यवस्थाओं और संसाधनों की टटोली नब्ज़

कटनी। जब एक बच्चे ने मासूमियत के साथ पूछा कि मुझे आप जैसा बनना है.. तब जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने छात्र की आंखों में आत्मविश्वास की चमकीली झलक महसूस करते हुए छात्रों से कहा कि बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने पूरी लगन और परिश्रम से निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास करें। क्योंकि जीवन में सफलता अर्जित करने के लिए कड़ी मेहनत के अलावा और कोई शॉर्टकट नहीं है। यह बातें जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालक छात्रावास रॉबर्ट लाइन कटनी पहुंच कर कक्षा पहली से आठवीं तक के छात्रों से शैक्षिक संवाद करते हुए आत्मीयता और स्नेह के साथ कहीं। गौर तलब है कि कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर छात्रावासों की व्यवस्थाओं और शैक्षिक गतिविधियों को दुरुस्त और सुदृढ़ करने अधिकारियों द्वारा निरीक्षण कर जायजा लिया जा रहा है।
शिक्षिका बन पढ़ाया अनुशासन का पाठ
श्रीमती कौर ने छात्रों से अकादमिक संवाद करते हुए पूछा कि पढ़-लिख कर भविष्य में वे क्या बनना चाहते हैं, तब किसी ने आर्मी में, किसी ने पुलिस ऑफिसर, किसी ने डॉक्टर, इंजीनियर सहित बड़े प्रशासनिक पदों पर पहुंचने की इच्छा जताई। हौंसला अफजाई करते हुए सुश्री कौर ने कहा कि आज से ही लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासित होकर कड़ी मेहनत करिए नामुमकिन कुछ भी नहीं है। सफलता आपके कदम चूमेगी। इस दौरान शिक्षिका के रूप में उन्होंने छात्रों से पहाड़ा, गिनती, गणित और अंग्रेजी के विषय में पढ़ाई में रुचि और अध्यापन कार्य के संबंध में जानकारी ली, विचार और अनुभव साझा करते हुए छात्रों को पढ़ाया। कक्षा तीसरी के मयंक ने धारा प्रवाह 17 का पहाड़ा सुनाया वही कक्षा पांचवी के अंश पटेल ने अंग्रेजी में अपना परिचय दिया। जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने पास बुलाकर दोनों बच्चों की पीठ थपथपाकर हौसला बढ़ाया और शाबाशी दी। इस दौरान उन्होंने कक्षा तीसरी, चौथी, पांचवी,सातवीं और आठवीं के छात्रों धरण सिंह,अगस्त सिंह, नितिन सिंह, अंश, प्रिंस, सत्यम, राजकुमार पटेल से भी सवाल पूछे और उन्होंने आत्मविश्वास से लबालब होकर उत्तर दिए, जिसकी जिला पंचायत सीईओ ने मुक्त कंठ से सराहना की।
छात्रों को रुचि कर शिक्षा दें
जिला पंचायत सीईओ ने शिक्षकों से चर्चा करते हुए कहा कि छात्रों को उनकी रुचि के अनुसार खेल-खेल के माध्यम से अध्यापन कार्य करें ताकि छात्र पढ़ाई की और आकर्षित हूं। परिणाम मूलक शिक्षा दें जो छात्रों के मन मस्तिष्क में प्रभावशाली रूप से बैठ जाए।
छात्रावास की व्यवस्थाओं और संसाधनों के रखरखाव की माइक्रो लेवल पर मॉनिटरिंग
जिला पंचायत सीईओ ने छात्रावास में उपलब्ध संसाधनों के रखरखाव और व्यवस्थाओ की माइक्रो लेवल पर निगरानी करते हुए हर एक कक्षाओं, किचन, भंडार गृह, आवासीय परिसर,शौचालयों का अवलोकन किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता की परख करते हुए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता की नब्ज़ टटोली। उन्होंने साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने हेतु वार्डन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने साफगोई के साथ कहा कि छात्रों के खान-पान और सुचारू व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने वार्डन से छात्रावास में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। जिला पंचायत सीईओ ने छात्रावास में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर रखरखाव और शासन के निर्देशानुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए। छात्रावास में निरीक्षण के दौरान सर्व श्री डीपीसी प्रेम नारायण तिवारी, एपीसी प्रीति सिंह और वार्डन प्रेमलता पटेल सहित अन्य अधिकारियों कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *