सीसीटीवी की सतर्क निगरानी से मिला दस्तावेजों से भरा बैग, कटनी पुलिस ने लौटाई मुस्कान

कटनी। कटनी पुलिस के सीसीटीवी कंट्रोल रूम की त्वरित कार्रवाई से एक फरियादी का महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग सुरक्षित बरामद कर उसे वापस सौंप दिया गया। बैग में मूल मार्कशीट सहित कई जरूरी दस्तावेज रखे थे।
जानकारी के अनुसार, जय कुमार सोनी निवासी जिला पन्ना किसी कार्य से कटनी आए थे। बस स्टैंड से कटनी साउथ रेलवे स्टेशन जाते समय उनका बैग ऑटो में छूट गया। काफी खोजबीन के बाद भी बैग नहीं मिलने पर उन्होंने सीसीटीवी पुलिस कंट्रोल रूम में सहायता मांगी।
सूचना मिलते ही सीसीटीवी शाखा की टीम ने संबंधित मार्ग के कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण के जरिए ऑटो की पहचान करते हुए उसका पंजीयन क्रमांक MP21R3125 ट्रेस किया। इसके बाद ऑटो चालक से संपर्क कर बैग सुरक्षित बरामद कर लिया गया। जांच में बैग के अंदर रखी सभी मूल मार्कशीट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित मिले, जिन्हें विधिवत फरियादी को सौंप दिया गया। अपना खोया हुआ बैग वापस मिलने पर जय कुमार सोनी ने कटनी पुलिस और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक (रेडियो) अनामिका सोनकर (चौहान), आरक्षक रोहित शर्मा और आरक्षक पुष्पेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कटनी पुलिस की यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि आधुनिक तकनीक और सतर्क पुलिसिंग आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *