कोतवाली पुलिस को मिली दोहरी सफलता, एक गुवाहाटी से तो दूसरी दिल्ली से सकुशल हुई दस्तयाब, एक आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस को मिली दोहरी सफलता, एक गुवाहाटी से तो दूसरी दिल्ली से सकुशल हुई दस्तयाब, एक आरोपी गिरफ्तार

कटनी। जिले में गुमशुदा नाबालिग बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत कोतवाली पुलिस को दोहरी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में गुमशुदा नाबालिग बालिकाओं को क्रमशः गुवाहाटी (असम) और दिल्ली से सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं एक मामले में अपहरण के आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पहली कार्रवाई में शहर के एक निजी स्कूल की 15 वर्षीय छात्रा, जो 22 जुलाई को स्कूल जाने का कहकर घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी, उसकी तलाश शुरू की गई। कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, जिससे बालिका के गुवाहाटी पहुंचने की जानकारी मिली। स्थानीय पुलिस की मदद से उसे सुरक्षित बरामद कर कटनी लाया गया और परिजनों को सौंप दिया गया।
दूसरे मामले में जनवरी 2026 से लापता 17 वर्षीय किशोरी की तलाश के लिए पुलिस ने लगातार कई राज्यों में दबिश दी। तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के बाद किशोरी के दिल्ली में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने दिल्ली पहुंचकर उसे एक संदिग्ध युवक के कब्जे से मुक्त कराया गया। किशोरी के न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद प्रकरण में संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि दोनों बालिकाओं की काउंसलिंग कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है। एक मामले में बहला-फुसलाकर अपहरण किए जाने के प्रमाण मिलने पर आरोपी के विरुद्ध विधि अनुसार कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, उनि. कुलदीप सिंह, चौकी प्रभारी खिरहनी उनि. किशोर द्विवेदी, प्र.आर. सुधीर मिश्रा, आर. विवेक मिश्रा, प्रवीण सिंह, चंद्रभान मौर्य, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह, महिला आर. प्रियंका शुक्ला, मानती प्रजापति की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता से दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post