बरही में बेकाबू बस का तांडव, बाइक, कार और ठेलों को मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला

बरही में बेकाबू बस का तांडव, बाइक, कार और ठेलों को मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला

कटनी। जिले के बरही नगर में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने सड़क किनारे खड़े और वहां से गुजर रहे कई वाहनों को रौंद दिया। गहरवार बस सर्विस की इस बस ने एक के बाद एक बाइक, स्कूटी, कार और ठेला-टपरा को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस काफी तेज रफ्तार में नगर के भीतर से गुजर रही थी। तभी अचानक चालक का नियंत्रण हट गया। गनीमत यह रही कि लोग समय रहते भाग खड़े हुए, जिससे बड़ा जनहानि का हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।
यातायात बाधित, पुलिस ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही बरही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, गति नियंत्रण की मांग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर के भीतर भारी वाहनों की बेकाबू रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर सीमा के भीतर भारी वाहनों की गति सीमित की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल बरही पुलिस मामले की जांच कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post