कटनी को मिलेगी नई पहचान!, पुरैनी ट्रांसपोर्ट नगर के शेष भूखंडों की दूसरी निविदा जारी, पेट्रोल पंप, धर्मकांटा और ढाबा के लिए भी प्लॉट उपलब्ध
कटनी। शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित और सुगम बनाने की दिशा में नगर निगम कटनी ने बड़ा कदम उठाया है। ग्राम पुरैनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के शेष भूखंडों की नीलामी के लिए द्वितीय ऑनलाइन निविदा जारी कर दी गई है। नगर निगम का उद्देश्य शहर के भीतर संचालित ट्रांसपोर्ट कार्यालयों, गोदामों और भारी वाहनों की पार्किंग को एक ही स्थान पर स्थानांतरित कर महानगरों की तर्ज पर आधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करना है।
नगर निगम के अनुसार पहली निविदा को ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों का अच्छा प्रतिसाद मिला था। कुल 54 प्रतिभागियों ने आवेदन किया, जिनमें 4×6 मीटर के भूखंड के लिए 49 और 12×15 मीटर के भूखंड के लिए 5 आवेदन प्राप्त हुए। अब शेष भूखंडों के लिए 6 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। इच्छुक व्यवसायी www.mptenders.gov.in के माध्यम से निविदा में भाग ले सकते हैं।
बड़ी सुविधाओं के साथ विकसित होगा ट्रांसपोर्ट नगर
ट्रांसपोर्ट नगर में 15×30 वर्गमीटर के 27 भूखंड बड़े गोदाम एवं कार्यालयों के लिए तथा 6×15 वर्गमीटर के 6 भूखंड उपलब्ध हैं। इसके अलावा परिसर में पेट्रोल पंप, धर्मकांटा और ढाबा के लिए भी अलग से 3 विशेष भूखंड आरक्षित किए गए हैं। परिसर में सड़क, बिजली सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
शहर को मिलेगा जाम से राहत
महापौर प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक और निगमायुक्त तपस्या परिहार ने ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों से योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के विकसित होने से शहर के मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, यातायात सुगम बनेगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। निगम प्रशासन ने सभी ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों से इस योजना में सहभागी बनकर कटनी को व्यापार और यातायात के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का आह्वान किया।