ढीमरखेड़ा के लभेर नदी में दिखे तीन विशालकाय मगरमच्छ, ढीमरखेड़ा क्षेत्र में दहशत; वन विभाग ने जारी की चेतावनी

ढीमरखेड़ा के लभेर नदी में दिखे तीन विशालकाय मगरमच्छ, ढीमरखेड़ा क्षेत्र में दहशत; वन विभाग ने जारी की चेतावनी

कटनी। जिले की ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम कंजिया से होकर गुजरने वाली लभेर नदी में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक साथ तीन विशालकाय मगरमच्छों को पानी में तैरते देखा। एक साथ तीन बड़े मगरमच्छ नजर आने से गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है।
बुजुर्ग बोले— ‘पहले कभी नहीं दिखे ऐसे हालात’
गांव के बुजुर्गों के अनुसार, लभेर नदी को हमेशा से स्थानीय जल स्रोतों, खेती-किसानी और मवेशियों के लिए सुरक्षित माना जाता रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले कभी इस नदी में मगरमच्छ नहीं देखे गए थे। हालांकि, पिछले दो-तीन वर्षों से कभी-कभार मगरमच्छ दिखाई देने लगे हैं, लेकिन एक साथ तीन बड़े मगरमच्छों की मौजूदगी ने ग्रामीणों, पशुपालकों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
वन विभाग अलर्ट, जल्द बुलाई जाएगी रेस्क्यू टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विकास निगम के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही वन अमला सतर्क हो गया है और लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इन्होंने कहा
वन विकास निगम (कुंडम परियोजना) के रेंजर जुहैद हुसैन ने बताया की लभेर नदी में तीन मगरमच्छ देखे जाने की सूचना मिली है। मामले से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। मगरमच्छों को सुरक्षित रूप से बाहर निकालने और दूसरे सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए जल्द ही रेस्क्यू टीम बुलाई जाएगी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से गांव में मुनादी करवाई जा रही है, ताकि ग्रामीण नदी किनारे जाने से बचें और सतर्क रहें।”
ग्रामीणों और पशुपालकों के लिए एडवाइजरी
वन विभाग ने ग्रामीणों की सुरक्षा के मद्देनजर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जब तक रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा नहीं हो जाता, तब तक ग्रामीण नदी तट की ओर न जाएं।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post