माइंस में चला ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान, निवार पुलिस ने मजदूरों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
कटनी। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को निवार चौकी पुलिस द्वारा माइंस क्षेत्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान चौकी प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा ने महिला एवं पुरुष मजदूरों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित मजदूरों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा समाज और परिवार को नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य बल्कि परिवार और समाज के लिए भी गंभीर खतरा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाना है। इस दौरान चौकी प्रभारी निवार अंजनी कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षक अंकित दुबे सहित चौकी का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। पुलिस ने बताया कि “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत आगे भी विभिन्न स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।








