बारिश के बीच दर्दनाक हादसा, जहरीले सांप के डसने से दादा और ढाई साल की पोती की मौत, गांव में पसरा मातम, रीठी जनपद के गोदाना की घटना
कटनी। जिले के रीठी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम गोदाना में बारिश के मौसम के बीच एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। घर में सो रहे एक बुजुर्ग और उनकी ढाई वर्षीय पोती को जहरीले सांप ने डस लिया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गोदाना निवासी अशोक चौधरी अपनी ढाई वर्षीय पोती जानकी चौधरी के साथ घर के कमरे में सो रहे थे। देर रात करीब 3 बजे दोनों की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। कमरे की लाइट जलाने पर एक जहरीला सांप आंगन के रास्ते झाड़ियों की ओर भागता दिखाई दिया। घबराए परिजन तत्काल दोनों को रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान पहले मासूम जानकी ने दम तोड़ दिया, जबकि कुछ देर बाद अशोक चौधरी की भी मौत हो गई।
मृतक के परिजन प्रहलाद चौधरी ने बताया कि घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई थी। दोनों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन चिकित्सकों की कोशिशों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। बारिश के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गांवों में जागरूकता अभियान चलाने और आवश्यक बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।








