सड़कों पर आवारा मवेशियों की रोकथाम के लिए निगम की कार्रवाई तेज, 13 मवेशी कांजी हाउस भेजे गए

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर की सड़कों पर विचरण कर रहे आवारा मवेशियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में निगम की हांका टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाते हुए 13 आवारा मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस भेजा।
स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि निगमायुक्त तपस्या परिहार द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में अभियान के तहत रविवार को कुंदन दास स्कूल, शांति नगर, माधव नगर मुख्य मार्ग एवं हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से 7 घुमंतू मवेशियों को पकडा गया। वही सोमवार को नगर के शहरी क्षेत्र के वेंकट लायब्रेरी मार्ग, जिला चिकित्सालय मार्ग, नगर निगम कार्यालय से थाना कोतवाली मार्ग सहित बरगवां मुख्य मार्ग में अभियान चलाकर 6 घुमंतू मवेशियों को पकड़ने की कार्यवाही की गई। उक्त कार्य समाचार लिखे जाने तक निरंतर जारी है।
निगम प्रशासन के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। निगम प्रशासन ने मवेशी पालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुला न छोड़ें तथा उन्हें निर्धारित स्थानों पर सुरक्षित रखें। अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य अधिकारी श्री सोनी ने बताया कि नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आवारा मवेशियों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *