अपराधों पर अंकुश लगाने एक्शन में एनकेजे पुलिस, वाहनों, होटल ढाबों की जांच के साथ संदिग्धों की ली तलाशी, खुले में शराब पिलाने वालों पर भी कसा शिकंजा
कटनी। थाना क्षेत्र में अपराधिक तत्वों पर अंकुश लगाने एवं अवैध गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से आज एनकेजे पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए न केवल नशे में वाहन चलाने वालों की जांच करते हुए आधा दर्जन वाहन चालकों के खिलाफ कार्यवाही की, बल्कि क्षेत्र में मौजूद होटल ढाबों पर भी अचानक दबिश देकर वहां की गतिविधियों की जांच की। इसके साथ ही एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत के नेतृत्व में पुलिस के द्वारा दुर्गा चौक खिरहनी में छोटे-छोटे टपरों पर शराब पिलाने वालों की भी धरपकड़ की गई।
व्यापक तौर पर की जांच
कार्यवाही के संबंध में जानकारी देते हुए एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के द्वारा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष निर्देश प्रदान किए गए हैं, जिसके तहत आज पुलिस टीम के द्वारा व्यापक तौर पर थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया।
की गई औचक जांच
कार्यवाही की कड़ी में थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर चेक पॉइंट लगाकर नशे में वाहन चलाने वालों की जांच की गई। इस दौरान आधा दर्जन से भी अधिक वाहन चालकों के खिलाफ धारा 185 के तहत कार्यवाही की गई। साथ ही दुर्गा चौक खिरहनी में आधा दर्जन ऐसे दुकानदारों पर कार्यवाही की गई जो कि अपने दुकानों में शराब पिलाते हुए पाए गए।
ली गई तलाशी
जांच की कड़ी में थाना क्षेत्र में मौजूद होटल और ढाबों में शराब पिलाने या पीने जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग की गई। साथ ही संदिग्ध अवस्था में पाए गए कुछ युवकों के खिलाफ भी कार्यवाही की गई है।








