रास्ते में बाइक निकालने की बात पर हुआ विवाद, बाइक सवारों ने पल्लेदार पर चाकू से किया जानलेवा हमला, कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में दबोचे दोनों आरोपी

Oplus_16908288

रास्ते में बाइक निकालने की बात पर हुआ विवाद, बाइक सवारों ने पल्लेदार पर चाकू से किया जानलेवा हमला, कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में दबोचे दोनों आरोपी

कटनी। शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में रास्ते में बाइक निकालने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक सवार दो युवकों ने एक पल्लेदार पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई की रात करीब 10 बजे घायल दौलत चौधरी (34) निवासी ग्राम खड़ौला को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। घायल ने बताया कि वह अपने भतीजे आनंद चौधरी के साथ बस स्टैंड से घंटाघर की ओर पैदल जा रहा था। दीपश्री दुकान के पास बाइक सवार युवकों ने तेज रफ्तार में वाहन निकाला, जिस पर उसने सावधानी से चलाने की बात कही। इसी बात से नाराज होकर दोनों युवक बाइक रोककर गाली-गलौज करने लगे और विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 771/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुक्तिधाम क्षेत्र में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गुरूकृपा उर्फ वीरू रैदास (18) निवासी कोल बस्ती, नदीपार तथा एक 17 वर्षीय विधि-विरुद्ध बालक शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि घायल को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post