कटनी में नशे के खिलाफ कुठला पुलिस ने निकाली वाहन रैली, सैकड़ों लोगों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

कटनी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत कुठला पुलिस ने बुधवार को जागरूकता वाहन रैली निकालकर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान सैकड़ों नागरिकों और युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में रैली थाना परिसर से शुरू होकर पुरैनी तिराहा, पन्ना मोड़, पहरुआ गल्ला मंडी और इन्द्रानगर तिराहा सहित प्रमुख मार्गों से होकर निकली। रैली में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान “नशे से दूरी है जरूरी”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “स्वस्थ युवा–सशक्त भारत” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने नागरिकों को शराब, गांजा, स्मैक, ब्राउन शुगर, नशीली दवाइयों, तंबाकू सहित अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। साथ ही पंपलेट वितरित कर लोगों को नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई और युवाओं को खेलकूद, शिक्षा, योग एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। थाना प्रभारी अखलेश दाहिया ने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नशे को ‘ना’ कहकर स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *