नशे के कारोबार को लेकर कोतवाली पुलिस की लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई, नाइट्रावेट गोलियों का सप्लायर गिरफ्तार

कटनी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए नाइट्रावेट गोलियों के सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से Nitrazepam Tablet IP 10 MG (नाइट्रावेट) की 10 पत्तियां बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक दिन पहले कैलवारा फाटक, प्रजापति मोहल्ला निवासी अभिषेक दुबे को नाइट्रावेट गोलियों की 7 पत्तियों के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि गोलियां उसने आजाद चौक निवासी कृष्णा उर्फ संभव खटीक से खरीदी थीं। आरोपी के बयान के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बाबली टोला रेलवे ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर कृष्णा उर्फ संभव खटीक (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उसने नशीली गोलियों की बिक्री करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर बिक्री के लिए छिपाकर रखी गई नाइट्रावेट आईपी 10 एमजी की 10 पत्तियां बरामद की गईं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 769/2026 में धारा 8/21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। मामले में नशीली दवाओं के नेटवर्क और अन्य सप्लायरों के संबंध में पूछताछ जारी है। थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास एवं मारपीट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी की लंबे समय से नशीली गोलियों की अवैध बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से उसे गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय सहित कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *