शहर में बेखौफ चोरों का आतंक, कुठला मंडी रोड पर एजेंसी से सोनालिका ट्रैक्टर चोरी, CCTV खंगाल रही पुलिस

कटनी। शहर में शातिर वाहन चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे व्यस्त रास्तों पर स्थित शोरूम और एजेंसियों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला कुठला थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां पहरूवा गल्ला मंडी रोड स्थित खेर माई मंदिर के सामने ‘गुप्ता कृषि यंत्र’ से चोरों ने देर रात एक सोनालिका ट्रैक्टर पार कर दिया।
रात 11:30 बजे की वारदात
जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज चोरी 14 जुलाई 2026 की रात लगभग 11:30 से 11:45 बजे के बीच हुई। अज्ञात चोरों ने इतनी चालाकी और खामोशी से वारदात को अंजाम दिया कि आस-पास किसी को भनक तक नहीं लगी। चोरी की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों के रूट और पहचान का सुराग लगा रही है।
पुलिस की गश्त पर उठे सवाल, लोगों में आक्रोश
मुख्य मार्ग पर स्थित कृषि यंत्र की दुकान से ट्रैक्टर जैसी बड़ी गाड़ी चोरी होने की खबर से क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद वाहन मालिक ने तुरंत कुठला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा दावों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गल्ला मंडी रोड जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर यदि पुलिस की प्रभावी गश्त होती, तो चोर इतने बड़े वाहन को इतनी आसानी से लेकर रफूचक्कर नहीं हो पाते।
जांच में जुटी कुठला पुलिस
कुठला थाना पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस टीमें एक्टिव कर दी गई हैं। आस-पास के सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अब देखना यह होगा कि कुठला पुलिस इस चुनौती को स्वीकार कर कितनी जल्दी इस शातिर गैंग का पर्दाफाश करती है और चोरी गया सोनालिका ट्रैक्टर को बरामद कर आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजती है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *