चुनावी रंजिश में ग्राम कूड़ा में खूनी संघर्ष, भारी पुलिस बल तैनात, हालात नियंत्रण में

कटनी। बहोरीबंद थाना क्षेत्र के ग्राम कूड़ा (मर्दानगढ़-बाकल क्षेत्र) में दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल हरकत में आया और बहोरीबंद थाना प्रभारी तथा बकाल पुलिस चौकी की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार वर्तमान सरपंच एवं उसके चुनावी प्रतिद्वंदी के बीच चले आ रहे तनाव ने आज विवाद का रूप धारण कर लिया। दोनों पक्षों के बीच विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और मारपीट की स्थिति बन गई। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही उपद्रवियों को खदेड़ा गया और पूरे गांव में सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली गई। बहोरीबंद थाना प्रभारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी से हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और विवाद में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। घटना में घायल लोगों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *