कटनी कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाइट्रावेट की 7 पत्तियों के साथ आदतन अपराधी को किया गिरफ्तार

कटनी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे में इस्तेमाल होने वाली नाइट्रावेट (Nitravet IP 10 mg) की 7 पत्तियों के साथ एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं म.प्र. ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कैलवारा खुर्द रोड पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभिषेक दुबे (19 वर्ष), निवासी प्रजापति मोहल्ला, नदीपार, कैलवारा रोड, कटनी बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से नाइट्रावेट 10 एमजी की 7 पत्तियां बरामद हुईं। आरोपी इनके संबंध में कोई वैध चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका तथा पूछताछ में गोलियां नशे के लिए रखने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद गोलियां जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 769/2026 के तहत धारा 8/21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 म.प्र. ड्रग कंट्रोल एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कोतवाली एवं कुठला थाने में मारपीट और चोरी के तीन आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी को नाइट्रावेट गोलियां कहां से मिलीं और इस अवैध नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों या नशीली दवाओं के अवैध कारोबार एवं दुरुपयोग की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *