कटनी में स्कूल और यात्री बसों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक दर्जन स्कूल बस सहित 27 बसों की हुई जांच, बिना फिटनेस संचालित एक बस को किया जब्त

कटनी। सड़क सुरक्षा और स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने जिले में स्कूल एवं यात्री बसों के खिलाफ विशेष सघन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर के निर्देश पर अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में कटनी-जबलपुर और कटनी-निवार मार्ग पर अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान 12 स्कूल बसों और 15 यात्री बसों सहित कुल 27 बसों का निरीक्षण किया गया। परिवहन विभाग की टीम ने फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की, वहीं बसों में मौजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया। अभियान के दौरान एक यात्री बस बिना वैध फिटनेस प्रमाण पत्र के संचालित होती मिली। मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर बस को तत्काल निवार चौकी में जब्त कर लिया गया। संबंधित वाहन मालिक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने कहा कि बिना फिटनेस के वाहन चलाना कानून का उल्लंघन होने के साथ यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने बस संचालकों से सभी दस्तावेज समय पर नवीनीकृत कराने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की। विशेष रूप से स्कूल बस संचालकों को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे। बिना फिटनेस, परमिट, बीमा या अन्य आवश्यक दस्तावेजों के वाहन संचालित करते पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *