उद्योगपति मुकेश गुप्ता की हत्या के प्रयास और बलवा मामले का फरार आदतन अपराधी अरमान द्विवेदी गिरफ्तार, अड़ाई थी रिवॉल्वर

कटनी। हत्या के प्रयास, बलवा और मारपीट के गंभीर मामले में फरार चल रहे आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर कटनी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी संजय दुबे के नेतृत्व में थाना माधवनगर पुलिस ने आरोपी को दबोचा। पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को पन्ना मोड़ निवासी मुकेश कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि काली माता मंदिर के सामने स्थित उनके प्लॉट की बाउंड्रीवाल कुछ लोग जेसीबी से तोड़ रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने फरियादी, उनके भाई और चालक के साथ लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। इसी दौरान आरोपी आरमान उर्फ निशु द्विवेदी ने फरियादी के भाई पर रिवॉल्वर तानकर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन मिसफायर हो गया। आरोपियों ने वाहन में तोड़फोड़ करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में थाना माधवनगर में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान फरार चल रहे आदतन अपराधी आरमान उर्फ निशु द्विवेदी (30 वर्ष) निवासी सत्संग नगर, पन्ना मोड़ की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, जबकि प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। कटनी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *