बड़वारा पुलिस ने दो गांजा तस्करों को दबोचा, 1.75 लाख का गांजा और एक बाइक सहित दो तस्कर गिरफ्तार, भेजा जेल
कटनी। कटनी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए बड़वारा थाना क्षेत्र से दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.750 किलोग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 12 जुलाई 2026 को बड़वारा पुलिस ने ग्राम लखाखेरा हार स्थित बड़ा महादेव जंगल मार्ग पर संदिग्ध रूप से जा रहे दो युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम निखिल लोनी (18 वर्ष) एवं अभिषेक वर्मन (18 वर्ष) निवासी ग्राम पिपरियाकला, थाना बरही, जिला कटनी बताए। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक MP 21 ZD 7280 पर रखे काले बैग से सफेद पन्नी में रखा 1.750 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब गांजे की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. कृष्ण कुमार पटेल, सउनि रामनाथ साकेत, महेश प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक पवनराज, वीरेन्द्र चढ़ार तथा आरक्षक बृजलाल प्रजापति की विशेष भूमिका रही।







