निगमायुक्त के निर्देश पर नगर निगम में लगा शिविर, सेवा संबंधी शिकायतों पर विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश

निगमायुक्त के निर्देश पर नगर निगम में लगा शिविर, सेवा संबंधी शिकायतों पर विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देशानुसार शुक्रवार को निगम कार्यालय में समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कर्मचारियों एवं पेंशनरों से प्राप्त 16 सेवा संबंधी शिकायतों एवं आवेदनों पर सुनवाई की जाकर संबंधित शाखा की ओर निराकरण हेतु प्रेषित किया गया। आयोजित शिविर के दौरान उपयुक्त द्वय शैलेश गुप्ता एवं प्रियंका झारिया सहित अन्य शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
प्रमुख समस्याओं पर हुई सुनवाई
शिविर में पेंशन, परिवार कल्याण निधि, ईपीएफ (EPF), ईएसआईसी (ESIC), जीपीएफ (GPF), एनपीएस (NPS), यूएएन (UAN) तथा अन्य सेवा संबंधी एवं विधिक मामलों से जुड़े 16 प्रकरणों पर सुनवाई की गई। प्राप्त सभी शिकायतों को संबंधित शाखा अधिकारियों को तत्काल परीक्षण एवं निराकरण के लिए सौंपते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर
निगमायुक्त के निर्देशानुसार जिन पेंशन प्रकरणों में शासन स्तर पर दस्तावेजों के अभाव अथवा अन्य कारणों से विलंब हो रहा है, उनमें संबंधित आवेदकों से आवश्यक अभिलेख शीघ्र प्राप्त कर प्रकरणों का त्वरित निराकरण कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर निगम स्तर से समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने की कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी।
कर्मचारी संघ ने जताया आभार
नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा एवं अन्य पदाधिकारियों ने निगम प्रशासन की इस कर्मचारी हितैषी पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के समस्या निवारण शिविर कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के प्रति निगम प्रशासन की संवेदनशीलता एवं सकारात्मक कार्यशैली को प्रदर्शित करते हैं। इससे कर्मचारियों का विश्वास एवं मनोबल और अधिक सुदृढ़ होगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post