विशेष संपत्ति कर शिविर में नागरिकों ने उठाया अग्रिम छूट का भरपूर लाभ, संपत्ति कर जमा कराने उमड़े उपभोक्ता, शाम तक निगम कोष में जमा हुए 15 लाख

कटनी। शासन के निर्देशों के पालन में नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शुक्रवार को निगम कार्यालय एवं सभी जोन कार्यालयों में विशेष राजस्व वसूली शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नागरिकों ने संपत्ति कर पर प्रदान की जा रही अग्रिम 5 प्रतिशत छूट का भरपूर लाभ उठाते हुए बड़ी संख्या में संपत्ति कर की राशि निगम कोष में जमा कराई।
राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देशानुसार प्रातः 10 बजे से ही निगम कार्यालय एवं जोन कार्यालयों में संपत्ति कर जमा कराने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई थीं। नागरिकों को सरल एवं सुगम प्रक्रिया के माध्यम से छूट का लाभ प्रदान करते हुए संपत्ति कर जमा कराया गया।
उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक नागरिकों को 5 प्रतिशत अग्रिम छूट का लाभ दिलाने के उद्देश्य से राजस्व विभाग की टीमों द्वारा विभिन्न वार्डों में डोर-टू-डोर संपर्क अभियान भी चलाया गया। इस दौरान नागरिकों को छूट संबंधी जानकारी प्रदान कर उन्हें समय पर संपत्ति कर जमा कराने के लिए प्रेरित किया गया तथा मौके पर ही कर राशि जमा कराने की प्रक्रिया भी संपन्न कराई गई। राजस्व शाखा से प्राप्त जानकारी अनुसार शाम 5 बजे तक निगम कोष में 280 रसीदों के माध्यम से संपत्ति कर मद में लगभग 15 लाख रूपये की राशि जमा कराई जा चुकी है। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम कार्यालय, जोन कार्यालयों के काउंटरों एवं डोर-टू-डोर माध्यम से संपत्ति कर जमा कराने का कार्य निरंतर जारी है।
31 जुलाई तक मिलेगी छूट
शासन निर्देशों के अनुपालन में संपत्ति कर जमा करने पर 5 प्रतिशत की प्रदान की जाने वाली छूट का लाभ आगामी 31 जुलाई तक प्रदान किया जाएगा। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिक से अधिक नागरिकों से छूट का लाभ उठाकर नगर विकास में सहयोगी बनने की अपील की है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *