3 राज्यों में आतंक मचाने वाला अंतरराज्यीय उठाईगीर गिरोह बेनकाब, कटनी पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 15 से अधिक जिले, तीन राज्य और 26 वारदातें

Oplus_16908288

3 राज्यों में आतंक मचाने वाला अंतरराज्यीय उठाईगीर गिरोह बेनकाब, कटनी पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 15 से अधिक जिले, तीन राज्य और 26 वारदातें

कटनी। कटनी की उमरियापान पुलिस ने एक बड़ी और ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा में सक्रिय अंतरराज्यीय उठाईगीर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो शातिर मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पूछताछ में 40 लाख रुपये से अधिक की करीब 26 सनसनीखेज वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। गिरोह के खिलाफ तीन राज्यों के 15 से अधिक जिलों में 50 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी एवं डीएसपी रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
उमरियापान की वारदात से खुला राज
19 मई 2026 को उमरियापान स्थित जिला सहकारी बैंक से एक सेल्समैन का 50 हजार रुपये और सरकारी दस्तावेजों से भरा बैग चोरी हो गया था। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र का उपयोग करते हुए उमरियापान पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उन्हें पकड़ने के प्रयास शुरू किए। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी डेटा का विश्लेषण किया और अपने मुखबिर तंत्र को पूरे संभाग में सक्रिय कर दिया। इसी सुनियोजित घेराबंदी का परिणाम रहा कि पुलिस टीम ने घूम घूम कर इन बैग लिफ्टिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए दो शातिर बदमाश
पुलिस ने सुस्मित सिसोदिया उर्फ बंदर (30) निवासी भोलगढ़, जिला अनूपपुर एवं संजय सिसोदिया (38) निवासी भोलगढ़, जिला अनूपपुर को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में 50 से अधिक आपराधिक मामले और कई स्थायी वारंट लंबित हैं।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
गिरोह का एक सदस्य बैंक के अंदर ग्राहकों की रेकी करता था, जबकि बाकी साथी बाहर बाइक स्टार्ट कर इंतजार करते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति बड़ी रकम लेकर निकलता, उसका पीछा कर बदमाश उसका बैग छीन लेते या स्कूटी की डिग्गी, कार का शीशा तोड़कर नकदी लेकर फरार हो जाते थे।
तीन राज्यों में फैला था नेटवर्क
पूछताछ में आरोपियों ने कटनी, सतना, नरसिंहपुर, डिंडोरी, उमरिया, शहडोल, देवास, जबलपुर, पन्ना, खंडवा, होशंगाबाद, इटारसी सहित छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़, जशपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और उड़ीसा के संभलपुर में दर्जनों वारदातें करना स्वीकार किया है।
जब्त हुआ माल
पुलिस ने आरोपियों से चोरी की बची हुई नकदी तथा वारदात में इस्तेमाल यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल जब्त की है। फरार आरोपी पिंटू यादव, मखाड़ उर्फ लखन और पुष्पेंद्र यादव की तलाश जारी है। संबंधित राज्यों और जिलों की पुलिस को भी सूचना भेजी गई है। इस अत्यंत जटिल, संगठित और शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह के खुलासे में तीन थानों की संयुक्त टीम ने दिन-रात एक कर दिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे, थाना प्रभारी उमरियापान उनि महेंद्र जायसवाल, थाना प्रभारी एनकेजे उनि रूपेंद्र राजपूत, थाना प्रभारी रंगनाथ उनि अरुणपाल, उमरियापान थाने के उनि भरत सिंह मार्को, आर. रोहित झारिया, सतेन्द्र चौरसिया रंगनाथ थाने के आर. वीरेंद्र दहायत, साइबर सेल के आर. अजय, अमित, शुभम सहित पूरी टीम सीसीटीव्ही के आर. देवराज, पुष्पेन्द्र सहित संयुक्त पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post