नगर निगम कार्यालय में पेंशन एवं सेवा संबंधी समस्या निवारण शिविर कल 10 जुलाई को, निगमायुक्त करेंगी सुनवाई

नगर निगम कार्यालय में पेंशन एवं सेवा संबंधी समस्या निवारण शिविर कल 10 जुलाई को, निगमायुक्त करेंगी सुनवाई

कटनी। निगमायुक्त तपस्या परिहार द्वारा सोमवार को आयोजित समय सीमा की बैठक में निगम में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों की पेंशन एवं सेवा संबंधी समस्याओं के पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण हेतु समस्या निवारण शिविर आयोजित करने के दिए गए निर्देशों के परिपालन में शुक्रवार 10 जुलाई को प्रातः 11 बजे से निगम कार्यालय के कक्ष क्रमांक- 44 में पेंशन एवं सेवा संबंधी समस्या निवारण शिविर आयोजित किया जायेगा।
इन प्रकरणों पर होगी सुनवाई
शिविर के दौरान निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार की मौजूदगी में अधिकारी -कर्मचारियों की पेंशन, परिवार कल्याण निधि, ई.पी.एफ., ई.एस.आई.सी., जी.पी.एफ., एन.पी.एस., यू.ए.एन. तथा विधिक मामलों सहित सेवा संबंधी विभिन्न समस्याओं पर सुनवाई की जाकर आवश्यकता अनुसार संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, जिससे पात्र कर्मचारियों को समय पर राहत मिल सके।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ निराकरण किया जाए तथा किसी भी पात्र कर्मचारी या पेंशनर के प्रकरण में अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों एवं पेंशनरों की समस्याओं का त्वरित समाधान निगम प्रशासन की प्राथमिकता है।
अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित
शिविर के सुव्यवस्थित संचालन एवं प्राप्त आवेदनों के प्रभावी निराकरण के लिए उपायुक्त प्रियंका झारिया द्वारा आदेश जारी कर विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कीगई है। नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी प्राप्त आवेदनों का पंजीयन, संबंधित शाखाओं को प्रकरणों का प्रेषण, निराकरण की सतत मॉनिटरिंग तथा प्रगति प्रतिवेदन तैयार करने की जिम्मेदारी निभाएंगे, जिससे प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
नगर निगम प्रशासन ने निगम कार्यालय में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त अधिकारी -कर्मचारियों से अपील की है कि वे अपनी पेंशन एवं सेवा संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित शिविर में उपस्थित होकर इस विशेष पहल का लाभ अवश्य प्राप्त करें।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post