हनुमान मंदिर में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश, कुठला पुलिस ने श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए आसान उपाय
कटनी। जिले में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत थाना कुठला पुलिस ने शनिवार को पुरैनी स्थित हनुमान मंदिर परिसर में विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया। धार्मिक स्थल पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया ने किया। इस दौरान उपनिरीक्षक अनिल यादव एवं थाना स्टाफ भी मौजूद रहा।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि आज के डिजिटल दौर में साइबर ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान कॉल, फर्जी लिंक, संदिग्ध मोबाइल ऐप या सोशल मीडिया संदेश पर भरोसा करने से बचें और किसी भी स्थिति में अपना ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। श्रद्धालुओं को यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और ऑनलाइन भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की भी जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी की घटना होती है तो वह बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए तथा निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करे, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर नुकसान को कम किया जा सके।
थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता है। पुलिस लगातार स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रही है, ताकि प्रत्येक नागरिक डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रह सके। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी को अपने परिवार और परिचितों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।








