कटनी में चंदन चोर गिरोह का पर्दाफाश, महिला पुरुष मिलकर करते थे चोरी, माधवनगर पुलिस ने 6 आरोपियों गिरफ्तार, चोरी की लकड़ी बरामद
कटनी। थाना माधवनगर पुलिस ने चंदन के पेड़ों की चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चंदन के पेड़ों के टुकड़े भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह में महिला और पुरुष दोनों शामिल थे, जो पहले माला, रुद्राक्ष आदि बेचने के बहाने क्षेत्र की रेकी करते थे और बाद में रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार ग्राम छहरी स्थित शंकर सिंधी के चंदन और आंवले के बगीचे से 8 और 9 मार्च 2026 की रात 15 चंदन के पेड़ काटकर चोरी कर लिए गए थे, जबकि 15 अन्य पेड़ों के तनों को काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। मामले में चौकीदार कमलेश कुशवाहा की शिकायत पर थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 229/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। लगातार तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सतना जिले में हैं, जहां से उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर कटनी लाया गया। गिरफ्तार आरोपियों में राजू उर्फ चमरा पारधी, ईजुव पारधी, इलावन पारधी, मकौना उर्फ मतऊआ पारधी, अक्सेना उर्फ गुलगुली पारधी (सभी निवासी पटेहरा, थाना कुठला, जिला कटनी) तथा डई पारधी (निवासी देवरी, थाना बीजाडांडी, जिला मंडला) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चंदन के टुकड़े जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के खिलाफ कटनी के सीमावर्ती जिला सतना में भी अपराध दर्ज हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक नवीन नामदेव, उपनिरीक्षक योगेश मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक रामनरेश मिश्रा एवं आरक्षक लोकेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








