दुष्कर्म कांड के आरोपी फर्जी पत्रकार शेरा के घर चलाया जाए बुलडोजर, अधिवक्ता प्रमोद तिवारी मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
कटनी। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में एक विवाहिता महिला के साथ दुष्कर्म करने के मामले में गिरफ्तार किए गए कथित फर्जी पत्रकार प्रशांत उर्फ शेरा मिश्रा को भले ही जेल भेज दिया गया हो, लेकिन इस शर्मनाक वारदात को लेकर जनता और कानूनविदों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। अब इस मामले में आरोपी के खिलाफ सबसे सख्त प्रशासनिक और दंडात्मक कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। जिला न्यायालय कटनी के वरिष्ठ अधिवक्ता ने सीधे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आरोपी के घर पर बुलडोजर चलवाने की मांग कर दी है।
मुख्यमंत्री जी, ऐसे बलात्कारी के घर बुलडोजर चलवाइए
इस पूरे मामले को लेकर जिला न्यायालय कटनी के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रमोद तिवारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को टैग करते हुए एक बेहद तीखा और भावुक संदेश लिखा है। उन्होंने अपनी पोस्ट में साफ तौर पर लिखा है की माननीय मुख्यमंत्री जी, निवेदन है कि ऐसे बलात्कारी के घर बुलडोजर चलवाइए। आपके कटनी के ऊपर कई अहसान हैं, इसीलिए आपसे उम्मीद है।
अधिवक्ता संघ और स्थानीय प्रबुद्ध वर्ग का मानना है कि ऐसे गंभीर मामलों में केवल जेल भेजना काफी नहीं है, बल्कि अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए उनके अवैध निर्माणों पर मामा और मोहन सरकार का ‘बुलडोजर हंटर’ चलना भी बेहद जरूरी है। इस मांग के बाद अब कटनी जिला प्रशासन और नगर निगम पर भी आरोपी की संपत्तियों की जांच करने का दबाव बढ़ गया है।
क्या है पूरा घटनाक्रम?
महिला थाना में दर्ज शून्य एफआईआर के बाद इस मामले को विजयराघवगढ़ थाना स्थानांतरित किया गया था। पीड़िता के अनुसार, उसका पति काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता था, जिसका फायदा उठाकर आरोपी कथित पत्रकार पिछले दो महीने से फोन और वीडियो कॉल पर दबाव बना रहा था। आरोप है कि बीते 15 जून को आरोपी महिला के घर में जबरन घुसा और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया है।








