महिलाओं के कानूनी अधिकारों पर विशेष मार्गदर्शिका का विधायक प्रणय प्रभात पांडे ने किया विमोचन, पंचायतों को बनाया जाएगा फर्स्ट रिस्पांडर
कटनी। महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तैयार की गई विशेष पुस्तिका “महिलाओं के कानूनी अधिकार” का विमोचन बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडे, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने जनपद पंचायत रीठी की ग्राम पंचायत बड़गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया। यह कार्यक्रम विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के शुभारंभ अवसर पर आयोजित हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रणय प्रभात पांडे ने महिलाओं से अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और पुस्तिका में दिए गए कानूनी अधिकारों की जानकारी का उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही महिलाओं को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने बताया कि यह बहुउद्देशीय मार्गदर्शिका पंचायत राज संचालनालय मध्यप्रदेश एवं ट्रांसफॉर्मिंग रूरल इंडिया फाउंडेशन (TRIF) के संयुक्त प्रयास से प्रकाशित की गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ भेदभाव और हिंसा के मामलों में ग्राम पंचायतों को फर्स्ट रिस्पांडर के रूप में सशक्त बनाना आवश्यक है। सरल भाषा में तैयार इस पुस्तिका से पंचायत प्रतिनिधि, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, स्व-सहायता समूह, फ्रंटलाइन वर्कर्स तथा समुदाय स्तर के अन्य कार्यकर्ताओं को महिलाओं से जुड़े कानूनों की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी, जिससे पीड़ित महिलाओं को न्याय तक पहुंचने में आसानी होगी। श्रीमती कौर ने बताया कि ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराए गए निर्धारित लिंक के माध्यम से इस पुस्तिका की ई-प्रति भी प्राप्त की जा सकती है।
पुस्तिका में शामिल प्रमुख कानून
मार्गदर्शिका में महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों की सरल भाषा में जानकारी दी गई है। इनमें दहेज प्रतिषेध अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, महिलाओं का अशिष्ट चित्रण (निषेध) अधिनियम, प्रसूति प्रसुविधा अधिनियम, विशेष विवाह अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम संबंधी अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 सहित अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधान शामिल हैं।








